एलायंस एयर रायपुर-अंबिकापुर-वाराणसी मार्ग पर हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी कर रही है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कंपनी ने इस मार्ग का विंटर शेड्यूल मंजूरी के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को भेजा है. प्रस्तावित सेवा सप्ताह में दो दिन संचालित हो सकती है.
इसके अलावा रायपुर से अंबिकापुर होकर रांची या पटना के लिए सप्ताह में एक दिन उड़ान शुरू करने की तैयारी भी बताई गई है. हालांकि, इन दोनों मार्गों को अभी एलायंस एयर की बुकिंग वेबसाइट पर सूचीबद्ध नहीं किया गया है. शेड्यूल को मंजूरी मिलने के बाद इन्हें बुकिंग सूची में शामिल किए जाने की संभावना है.
दिल्ली सेवा में कटौती पर असमंजस
सरगुजा क्षेत्र में उड़ान योजना की सेवा बंद होने के बाद करीब पांच महीने पहले एलायंस एयर ने बिलासपुर-अंबिकापुर-दिल्ली और कोलकाता मार्गों पर उड़ान शुरू की थी. यात्रियों की कमी के कारण कोलकाता सेवा बंद हो चुकी है. फिलहाल बिलासपुर-अंबिकापुर-दिल्ली उड़ान सप्ताह में दो दिन, सोमवार और बुधवार को संचालित हो रही है.
विंटर शेड्यूल में दिल्ली सेवा को दो दिन से घटाकर एक दिन किए जाने की चर्चा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. एलायंस एयर ने 21 अक्टूबर के बाद की बुकिंग भी अभी शुरू नहीं की है.
लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर दिल्ली उड़ान कम करने के बजाय सप्ताह में चार दिन संचालित करने की मांग की है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इस उड़ान में रोजाना करीब 30 से 35 यात्री आ-जा रहे हैं और संचालन में होने वाले घाटे की राशि राज्य सरकार वहन कर रही है.
मां महामाया एयरपोर्ट के निदेशक सुशील श्रीवास्तव ने कहा कि फिलहाल दिल्ली उड़ान दो दिन चल रही है. विंटर शेड्यूल की जानकारी मंजूरी के बाद ही मिल सकेगी.
