रायपुर के अनुपम नगर इलाके में शनिवार शाम छह नंबर गली की नाली में एक व्यक्ति का शव मिलने से लोगों में हलचल मच गई. राहगीरों ने शव को नाली में पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी.

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. बताया गया है कि शव नाली में इस तरह फंसा हुआ था कि उसे बाहर निकालने में पुलिस और मौके पर मौजूद टीम को मशक्कत करनी पड़ी. शव को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, शव करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा है.

पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण शुरू कर दिया है. शव बाहर निकाले जाने के बाद पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी. इसके बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने की संभावना पर भी काम कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतक कब और किन परिस्थितियों में वहां पहुंचा था. शव मिलने की सूचना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. मामले की जांच जारी है.