रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित Apple स्टोर से करीब 2 करोड़ रुपये के iPhone और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस ने मध्य प्रदेश के देवास निवासी राजेश अजय सिंह झाला और बड़वानी निवासी सफान खान को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए 173 iPhone में से 125 बरामद कर लिए गए हैं. इनकी कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये बताई गई है.

पुलिस के मुताबिक, वारदात 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की दरम्यानी रात हुई थी. अज्ञात आरोपी शटर उठाकर स्टोर में दाखिल हुए और 173 iPhone के अलावा Apple Watch, हेडफोन और AirPods ले गए. दुकान में लगे CCTV कैमरों का DVR भी आरोपी अपने साथ ले गए थे. शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज किया गया.

आठ मिनट में वारदात, 1,000 से ज्यादा कैमरों की जांच

पुलिस के अनुसार, संदिग्ध रात 2 बजकर 37 मिनट पर स्टोर के पास पहुंचे और करीब आठ मिनट बाद 2 बजकर 45 मिनट पर वहां से निकल गए. फुटेज में दोपहिया वाहन पर तीन लोग दिखाई दिए, लेकिन अंधेरे और कैमरों की खराब गुणवत्ता के कारण पहचान मुश्किल थी.

जांच के लिए 40 से अधिक पुलिसकर्मियों की छह टीमें बनाई गईं. टीमों ने घटनास्थल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, टोल प्लाजा और रायपुर से बाहर जाने वाले रास्तों के CCTV फुटेज खंगाले. पुलिस ने 250 किलोमीटर से अधिक दूरी के रास्तों पर लगे 1,000 से ज्यादा कैमरों की रिकॉर्डिंग और 1,100 से अधिक सेल आईडी टावरों के साथ 10 लाख से ज्यादा मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया.

जांच के दौरान महाराष्ट्र के मौधा में कुल्हान नदी के किनारे एक लावारिस मोटरसाइकिल मिली. पुलिस का कहना है कि यह बाइक 25 अक्टूबर को रायपुर के तेलीबांधा इलाके से चोरी हुई थी. बाइक की नंबर प्लेट और इंजन-चेसिस नंबर मिटाए गए थे. इस सुराग से पुलिस ने संदिग्धों के रायपुर से मौधा जाने के रास्ते की कड़ी जोड़ी.

जयपुर की पुरानी चोरी से मिला सुराग

पुलिस ने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली में Apple स्टोर चोरी के पुराने मामलों की जानकारी जुटाई. इसी दौरान 2024 में जयपुर के एक Apple स्टोर में हुई चोरी का रिकॉर्ड सामने आया. पुलिस के अनुसार, उस मामले में राजेश झाला का नाम सामने आया था. देवास पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर रायपुर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया. पुलिस का दावा है कि राजेश के खिलाफ 47 से अधिक मामले दर्ज हैं.

पूछताछ में राजेश ने अपने बेटे राज झाला और राजेश लोधी के साथ रायपुर में चोरी करने की बात बताई. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले स्टोर की रेकी की, चोरी की बाइक का इस्तेमाल किया और बाद में DVR को नदी में फेंक दिया. दोनों फरार आरोपियों की तलाश जारी है.

सफान खान को पुलिस ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास से गिरफ्तार किया. पुलिस को आशंका है कि चोरी के मोबाइल नेपाल और बांग्लादेश तक भेजे जा सकते थे. इस नेटवर्क की जांच की जा रही है. सफान को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है और बाकी 48 iPhone की बरामदगी के प्रयास जारी हैं.