रायपुर के मरीन ड्राइव में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ आर्किटेक्ट्स के छत्तीसगढ़ चैप्टर की तीन दिवसीय वास्तुकला प्रदर्शनी शुरू हुई है. महापौर मीनल चौबे ने इसका उद्घाटन किया. प्रदर्शनी में भवन निर्माण और डिजाइन से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी जा रही है.
यहां घरों, दुकानों, व्यावसायिक परिसरों और सार्वजनिक भवनों के डिजाइन, नक्शे और मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं. इनके जरिए लोग जगह के बेहतर इस्तेमाल, सुरक्षित निर्माण, पर्याप्त हवा-रोशनी और पर्यावरण के अनुकूल डिजाइन के बारे में समझ सकेंगे. बिजली की बचत से जुड़े उपायों को भी प्रदर्शनी में शामिल किया गया है.
आयोजकों के अनुसार, भवन बनाते समय केवल आकर्षक डिजाइन पर ध्यान देना पर्याप्त नहीं है. निर्माण की सुरक्षा, रखरखाव में सुविधा और भविष्य में जरूरत के अनुसार बदलाव की संभावना को भी डिजाइन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए. नक्शा तैयार कराने से पहले योग्य वास्तुविद से सलाह लेने की बात भी बताई जा रही है.
प्रदर्शनी में वास्तुविद चुनने से पहले उसकी शिक्षा, पंजीयन, अनुभव और पहले किए गए कामों की जानकारी जांचने की सलाह दी गई है. छत्तीसगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष सौरभ रहाटगांवकर ने कहा कि इसका उद्देश्य वास्तुकला से जुड़ी सही जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना है.
प्रदर्शनी 3 से 5 अक्टूबर तक सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक चलेगी. नागरिक यहां विशेषज्ञों से भवन निर्माण संबंधी सवाल पूछ सकेंगे. यह आयोजन विद्यार्थियों, भवन बनाने की तैयारी कर रहे लोगों और निर्माण क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए भी उपयोगी है.
