रायपुर के वीआईपी सिटी सड्डू स्थित एक सूने मकान से सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है. मकान रक्षित केंद्र रायपुर में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) नागेंद्र सिंह का है. पुलिस के अनुसार, चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 5.85 लाख रुपये है.
बताया गया है कि नागेंद्र सिंह 30 सितंबर की सुबह करीब 6:30 बजे पत्नी सुमित्रा देवी और बेटों राहुल सिंह व बलदेव सिंह के साथ अपनी बेटी से मिलने पटना गए थे. परिवार के बाहर रहने के दौरान मकान सूना था.
4 अक्टूबर की सुबह नागेंद्र सिंह ने मोबाइल पर घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का लाइव फुटेज देखा. कैमरा मकान की ओर रहने के बजाय आसमान की तरफ मुड़ा हुआ था. उन्हें कैमरे से छेड़छाड़ का संदेह हुआ और उन्होंने पड़ोसियों अभिनय पांडेय तथा ओमकार राठौर को घर जाकर देखने के लिए कहा.
पड़ोसियों ने घर पहुंचकर बताया कि अंदर का दरवाजा खुला है और ताले टूटे हुए हैं. इसके बाद नागेंद्र सिंह परिवार के साथ 5 अक्टूबर को रायपुर पहुंचे. घर की जांच में बेडरूम और ऊपर के कमरे में रखी दोनों आलमारियों के ताले टूटे मिले.
पुलिस के मुताबिक, चोर आलमारियों से चांदी की दो जोड़ी पायल, पुश्तैनी सोने की चेन, लक्ष्मी हार, कान के टॉप्स, झुमका, सोने का मांगटीका और सोने का एक बिस्किट ले गए. जेवरों की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है. इसके अलावा आलमारी से 75 हजार रुपये और गुल्लक से करीब 10 हजार रुपये नकद चोरी होने की जानकारी दी गई है.
विधानसभा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस चोरों की पहचान और वारदात से जुड़े अन्य सुरागों की तलाश कर रही है.
