रायपुर में ATM और बैंक शाखा में तोड़फोड़ कर नकदी चोरी की कोशिश के मामले में पुलिस ने पंकज ध्रुव (27) को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने टाटीबंध चौक स्थित इंडिया वन ATM और चंदनडीह स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा को निशाना बनाया था. उसके कब्जे से बैंक से चोरी किया गया लैपटॉप बरामद किया गया है.
पहली घटना 25 और 26 सितंबर की दरम्यानी रात टाटीबंध चौक पर अग्रवाल होटल के पास हुई थी. पुलिस के अनुसार, ATM की स्क्रीन, सेफ लॉक, कैमरा और कैश निकासी वाले हिस्से को नुकसान पहुंचाया गया. UPS बैटरी चोरी करने की भी कोशिश की गई थी. इस मामले में आमानाका थाने में अपराध क्रमांक 317/26 दर्ज किया गया था.
दूसरी घटना चंदनडीह स्थित यूनियन बैंक शाखा में हुई. बैंक प्रबंधक गणेश मिश्रा के अनुसार, 5 अक्टूबर की शाम शाखा बंद की गई थी. अगले दिन कर्मचारी पहुंचे तो शाखा प्रमुख के केबिन के ताले टूटे मिले. शटर और खिड़की के कांच को नुकसान पहुंचाने के अलावा चेकबुक ड्रॉप बॉक्स, टेबल की दराज, कंप्यूटर मॉनिटर और कैश वॉल्ट के लॉकर को भी क्षतिग्रस्त किया गया था. इस मामले में अपराध क्रमांक 336/26 दर्ज किया गया.
CCTV फुटेज से जांच आगे बढ़ी
पुलिस के मुताबिक, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने CCTV फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई. पूछताछ में आरोपी ने चोरी के इरादे से दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है. पुलिस ने बताया कि पंकज ध्रुव मूल रूप से पिथौरा क्षेत्र का रहने वाला है और फिलहाल रायपुर के डीडी नगर क्षेत्र में सरोना बाजार चौक के पास रह रहा था.
