रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र स्थित बालाजी मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में MBBS थर्ड ईयर के 21 वर्षीय छात्र विनायक सैनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. राजस्थान के अजमेर निवासी विनायक का शव हॉस्टल की तीसरी मंजिल पर उसके दोस्त के कमरे में मिला.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विनायक घटना वाले दिन ही घर से लौटकर कॉलेज आया था. रात करीब नौ बजे उसका दोस्त खाना खाने के लिए कमरे से बाहर गया. कुछ देर बाद लौटने पर उसने विनायक को बेड पर औंधे मुंह पड़ा देखा. साथियों की मदद से उसे बालाजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
सूचना मिलने पर पंडरी पुलिस मौके पर पहुंची. कमरे की तलाशी के दौरान नशीली दवा और इंजेक्शन मिलने की बात सामने आई है. पुलिस को एनेस्थीसिया में इस्तेमाल होने वाली फेंटानिल दवा मिलने की जानकारी भी मिली है. हालांकि, विनायक ने इसका सेवन किया था या मौत की कोई अन्य वजह थी, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा.
पुलिस उसके घर लौटने के बाद की गतिविधियों और दोस्तों से पूछताछ के जरिए घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है. आत्महत्या के एंगल समेत अन्य संभावनाओं की जांच जारी है.
