रायपुर के दलदल सिवनी स्थित छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की शाखा में 50 रुपये के 25 नकली नोट मिलने के बाद एक महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. महिला की पहचान जानकी वराठे के रूप में हुई है. वह अपने खाते में 12,350 रुपये जमा कराने पहुंची थी.

बैंककर्मियों ने कैश काउंटर पर जमा की गई राशि के नोटों की जांच उपलब्ध मशीन और UV लैंप से की. जांच के दौरान 50 रुपये के 25 नोटों में सुरक्षा संबंधी जरूरी फीचर नहीं मिले. बैंक ने इन नोटों को नकली चिह्नित कर पुलिस को सूचना दी.

बैंक मैनेजर संजय मिश्रा की शिकायत के अनुसार, यह घटना 12 नवंबर को हुई. शिकायत में बताया गया है कि महिला ने जमा करने के लिए 50 और 100 रुपये के नोट दिए थे. बैंक प्रबंधन ने भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि एक लेन-देन में चार से अधिक नकली नोट मिलने पर एफआईआर दर्ज कराना अनिवार्य है.

बैंक की शिकायत पर पंडरी थाने में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 179 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नकली नोट महिला तक कैसे पहुंचे. मामले की जांच जारी है.