रायपुर में आयोजित ग्राहक सेवा एवं शिकायत निराकरण बैठक में बैंकिंग सेवाओं में गड़बड़ी और लापरवाही से जुड़े मुआवजे के प्रावधानों की जानकारी दी गई. आरबीआई लोकपाल मोहन रावत ने बताया कि बैंक की लापरवाही से ग्राहक को आर्थिक नुकसान होने पर 30 लाख रुपये तक मुआवजा मिल सकता है. समय की बर्बादी और मानसिक परेशानी के लिए भी तीन लाख रुपये तक मुआवजे का प्रावधान बताया गया है.
मोहन रावत के अनुसार, बैंकिंग व्यवस्था में ग्राहक संतुष्टि को प्राथमिकता दी जानी चाहिए. उन्होंने शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी स्पष्ट की. किसी समस्या की स्थिति में ग्राहक को सबसे पहले संबंधित बैंक शाखा में लिखित शिकायत देनी होगी.
यदि बैंक 30 दिनों के भीतर शिकायत का समाधान नहीं करता या ग्राहक बैंक के जवाब से संतुष्ट नहीं होता, तो आरबीआई लोकपाल के पास निशुल्क शिकायत दर्ज कराई जा सकती है. इस प्रक्रिया में ग्राहक हेल्पलाइन नंबर 14448 की मदद ले सकते हैं.
बैठक में भारतीय राज्य पेंशनर महासंघ के प्रतिनिधियों ने डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट यानी जीवन प्रमाण पत्र जमा करने में वरिष्ठ नागरिकों को आ रही दिक्कतों का मुद्दा उठाया. उन्होंने बुजुर्गों को बैंक शाखाओं में प्राथमिकता देने और प्रक्रिया सरल बनाने की मांग की. बैठक में विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे.
