रायपुर के आश्रम तिराहे स्थित जिओन बार में छत्तीसगढ़ी गाना नहीं बजाने को लेकर विवाद के बाद ग्राहक और बार कर्मचारी पक्ष ने एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है. मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र का है. दोनों शिकायतों में गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी के आरोप लगाए गए हैं.

FIR के अनुसार, 25 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे योगेश चिचोलकर (32) अपने साथियों तरुण दास और घनश्याम के साथ बार पहुंचे थे. शिकायत में आरोप है कि छत्तीसगढ़ी गाना बजाने की बात पर विवाद हुआ. योगेश ने बार कर्मचारियों पर हाथ-मुक्कों और बैट-बल्ले से मारपीट करने का आरोप लगाया है. उन्होंने चेहरे, गर्दन, पीठ और दाएं पैर में चोट लगने की बात कही है. उनके दोनों साथियों को भी चोट आने का दावा किया गया है.

वहीं, बार के वेटर दीपक मिश्रा (20) ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि योगेश और उनके साथियों ने गाना बजाने की जिद की और मना करने पर गाली-गलौज की. दीपक के मुताबिक, ग्राहकों ने धमकी देकर हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उनके चेहरे पर चोट आई. शिकायत में बार मैनेजर उदय सिंह और वेटर बबलू सिंह के बीच-बचाव करने का उल्लेख है.

पुलिस ने दोनों शिकायतों पर BNS की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(2) के तहत केस दर्ज किया है. FIR के मुताबिक, दोनों मामले 26 अक्टूबर की रात दर्ज किए गए. पुलिस आरोपों की जांच कर रही है.