रायपुर जिले में अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में करीब 25 हजार छात्रों ने हिस्सा लिया. परीक्षा 3 अक्टूबर को पूरी हुई. राजधानी के शासकीय जेआर दानी कन्या विद्यालय की लगभग 1,000 छात्राओं ने भी इसमें भाग लिया.

परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ना था. इसमें छात्रों से भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों से जुड़े सवाल पूछे गए. आयोजकों के अनुसार, परीक्षा के माध्यम से बच्चों में अपनी संस्कृति को जानने और समझने की रुचि बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है.

परीक्षा के जरिए विद्यार्थियों को अनुशासन, बड़ों के सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारियों जैसे विषयों की जानकारी देने पर जोर दिया गया. इसके अलावा जल संरक्षण, ऊर्जा बचत और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूकता से जुड़े पहलुओं को भी शामिल किया गया.

तकनीकी शिक्षा के साथ संस्कार पर जोर

शासकीय जेआर दानी कन्या विद्यालय के प्राचार्य हितेष दीवान ने कहा कि मौजूदा समय में तकनीकी शिक्षा जरूरी है, लेकिन बच्चों को भारतीय संस्कृति और संस्कारों की जानकारी देना भी महत्वपूर्ण है. उनके अनुसार, तकनीकी शिक्षा और संस्कारों के बीच संतुलन विद्यार्थियों के बेहतर विकास में मदद कर सकता है.

परीक्षा के संचालन में छत्तीसगढ़ प्रभारी डीपी चंद्राकर, रामपाल तिवारी, रविशंकर गुप्ता सहित गायत्री परिवार के प्रतिनिधियों और स्कूल स्टाफ का सहयोग रहा. इस दौरान प्राचार्य हितेष दीवान समेत स्कूल स्टाफ के कई सदस्य मौजूद रहे.