रायपुर के भाठागांव बस स्टैंड से टिकरापारा थाना पुलिस ने 5.448 किलो गांजा बरामद करने का दावा किया है. पुलिस के मुताबिक, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2.72 लाख रुपये है. मामले में ओडिशा के मलकानगिरी जिले के रहने वाले 40 वर्षीय सामू माडी को गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भाठागांव बस स्टैंड स्थित सुलभ के पास एक व्यक्ति काले रंग के ट्रॉली बैग में गांजा लेकर ग्राहक तलाश रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति को घेरकर पकड़ा.

तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग से गांजा बरामद होने की बात पुलिस ने कही है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी नीला लोअर और हरी टी-शर्ट पहने हुए था. पूछताछ में उसने अपना नाम सामू माडी बताया. उसका पता ग्राम टोंडापाली, वार्ड नंबर-2, थाना मलकानगिरी, जिला मलकानगिरी, ओडिशा बताया गया है.

पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 924/2026 दर्ज किया है. मामला एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत दर्ज किया गया है. आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने की जानकारी दी गई है.

कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र धनगर और पुलिस टीम ने की.