दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल ने 26 नवंबर को भाटापारा और रायपुर रेलवे स्टेशनों पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया. भाटापारा स्टेशन पर किलाबंदी और रायपुर स्टेशन पर नाका टिकट चेकिंग के तहत दोनों स्टेशनों के सभी प्लेटफॉर्म तथा 16 ट्रेनों की जांच की गई.

अभियान के दौरान कुल 325 मामले पकड़े गए. रेलवे के अनुसार, इन मामलों से कुल ₹2,92,040 का राजस्व प्राप्त हुआ. बिना टिकट यात्रा करते मिले 207 यात्रियों से ₹2,14,635 का जुर्माना वसूला गया. वहीं, अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वाले 102 यात्रियों से ₹74,800 लिए गए.

जांच में अधिक सामान लेकर यात्रा करने वाले 15 यात्री भी पकड़े गए, जिनसे ₹2,170 वसूले गए. एक अन्य मामले में ₹435 की राशि प्राप्त हुई.

20 टिकट चेकिंग कर्मचारी अभियान में शामिल

यह कार्रवाई वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव के निर्देश पर की गई. अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक राजेश कुमार साह, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक और टिकट चेकिंग टीम के 20 कर्मचारी शामिल रहे. रेलवे ने बताया कि अभियान का उद्देश्य यात्रियों को उचित टिकट लेकर यात्रा करने के लिए जागरूक करना भी था.

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से ट्रेन में सफर से पहले सही टिकट लेने, निर्धारित कोच में बैठने और स्टेशन परिसर में प्रवेश से पहले प्लेटफॉर्म टिकट खरीदने की अपील की. यात्रियों से स्टेशन और ट्रेनों को साफ रखने में सहयोग करने को भी कहा गया.