त्योहारों के दौरान मिलावट और खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए गए अभियान में रायपुर और भिलाई की दुकानों से लिए गए 14 नमूने जांच में फेल पाए गए हैं. खाद्य एवं औषधि प्रशासन की प्रयोगशाला में हुई जांच के मुताबिक इनमें 8 नमूने असुरक्षित और 6 नमूने तय गुणवत्ता मानकों से कम पाए गए.
रायपुर की न्यू जनता स्वीट्स का कलाकंद, मां अंबे स्वीट्स का खोवा और स्वीट हट एंड बेकर्स का कुंदा व पेड़ा असुरक्षित पाए गए. रायपुर ढाबा से लिया गया पनीर का नमूना भी जांच में विफल रहा. भिलाई की मां दुर्गा डेयरी से लिए गए पनीर और दही के नमूनों को भी असुरक्षित बताया गया है.
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक सह आयुक्त दीपक अग्रवाल ने 17 और 23 अक्टूबर को विभागीय टीम के साथ रायपुर और भिलाई में औचक निरीक्षण किया था. इस दौरान अलग-अलग खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया था.
छह अन्य नमूने गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे
असुरक्षित नमूनों के अलावा छह अन्य नमूने भी तय गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे. इनमें रायपुर की न्यू जनता स्वीट्स का पनीर, धमतरी का झलक ब्रांड हल्दी पाउडर, कोरबा का सिल्वर कॉइन ब्रांड मैदा और बीजापुर का मां भगवती ब्रांड पोहा शामिल हैं. राजनांदगांव से लिए गए खुले शक्कर और उड़द दाल के नमूने भी जांच में फेल पाए गए.
खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई
विभाग संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की तैयारी कर रहा है. अधिकारियों के अनुसार जरूरी दस्तावेज और साक्ष्य जुटाकर मामले को अदालत और संबंधित अधिकारियों के सामने रखा जाएगा. आरोप साबित होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रदेश के अलग-अलग जिलों से लिए गए अन्य खाद्य नमूनों की रिपोर्ट अभी आना बाकी है. विभाग के अनुसार, आगे की रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
