कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार सुबह रायपुर के महादेव घाट पहुंचे. उन्होंने खारुन नदी में आस्था की डुबकी लगाई और इसके बाद ऐतिहासिक हटकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की. बघेल ने प्रदेश की खुशहाली की कामना की और छत्तीसगढ़वासियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं.
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बघेल ने सुबह करीब साढ़े पांच बजे नदी में स्नान किया. इस दौरान पूर्व विधायक विकास उपाध्याय भी मौजूद रहे. उन्होंने खारुन नदी में स्नान करने के बाद भगवान शिव का अभिषेक किया.
स्नान के बाद मीडिया से बातचीत में बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कार्तिक माह के दौरान नदी और सरोवरों में स्नान करने की परंपरा पीढ़ियों से चली आ रही है. उन्होंने सूर्योदय से पहले उठकर शीतल जल में स्नान करने को स्वास्थ्य के लिए लाभकारी बताया.
बघेल ने कार्तिक पूर्णिमा पर होने वाले स्नान और दीपदान को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान से जोड़ा. उन्होंने कहा कि यह परंपरा धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन का भी हिस्सा है.
कार्तिक पूर्णिमा के कारण रायपुर के महादेव घाट समेत प्रदेश के कई नदी और तालाबों पर सुबह श्रद्धालु पहुंचे. धार्मिक परंपरा के अनुसार, इस दिन स्नान के बाद सूर्यदेव को अर्घ्य दिया जाता है. श्रद्धालु पूजा के दौरान लाल फूल, अक्षत और कुमकुम का इस्तेमाल करते हैं तथा गणेश, विष्णु और माता लक्ष्मी की आराधना करते हैं. शाम को नदी घाटों, तालाबों और घरों में दीपदान किए जाने की परंपरा है. कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली और त्रिपुरारी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है.
