रायपुर जिले के अभनपुर क्षेत्र में धान खरीदी शुरू होने के पहले ही दिन केंद्र बदलने को लेकर किसानों और प्रशासन के बीच विवाद खड़ा हो गया. बिरोदा गांव में धान लेकर पहुंचे किसानों को मौके पर पता चला कि खरीदी केंद्र को बकतरा स्थानांतरित कर दिया गया है. इसके बाद किसानों ने बकतरा केंद्र में धान बेचने से इनकार कर दिया.
किसानों का कहना है कि पहले बकतरा में केंद्र खोलने की बात हुई थी, लेकिन वहां जगह की समस्या के कारण बिरोदा में केंद्र बनाने का निर्णय लिया गया. इसके बाद गांव के करीब 300 से 400 किसानों ने मिलकर मैदान तैयार किया और खरीदी के लिए जरूरी व्यवस्थाएं जुटाईं.
किसानों के अनुसार, रविवार रात करीब 12 बजे केंद्र को दोबारा बकतरा ले जाने का फैसला किया गया. उनका आरोप है कि इस बदलाव की पूर्व सूचना उन्हें नहीं दी गई. सुबह धान लेकर पहुंचने के बाद पूछताछ करने पर उन्हें केंद्र स्थानांतरण की जानकारी मिली.
बकतरा जाने में अतिरिक्त खर्च और जोखिम का दावा
किसानों ने कहा कि बकतरा तक धान ले जाने पर परिवहन खर्च बढ़ेगा. उनके मुताबिक, रास्ता खराब है और बीच में नहर पार करनी पड़ती है. शाम के समय धान लेकर लौटने पर दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है. किसानों का सवाल है कि जब बिरोदा में उनकी मेहनत से खरीदी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, तो उन्हें विश्वास में लिए बिना केंद्र क्यों बदला गया.
मामले में एसडीएम ने बताया कि जमीन विवाद के कारण बिरोदा में केंद्र बनाने का निर्णय लिया गया था. बाद में विवाद सुलझने पर बकतरा में केंद्र संचालित करने का फैसला किया गया. हालांकि, किसान बिरोदा में ही खरीदी शुरू करने की मांग पर अड़े हैं और उन्होंने कहा है कि मांग पूरी नहीं होने तक वे बकतरा केंद्र में धान नहीं बेचेंगे.
