छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 26 नवंबर को भाजपा और कांग्रेस अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित करेंगी. भाजपा शहीद स्मारक भवन में ‘संविधान गौरव दिवस’ मनाएगी, जबकि कांग्रेस ‘वोट बचाओ संविधान मार्च’ निकालकर संविधान और मतदान अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर प्रदर्शन करेगी.
भाजपा का कार्यक्रम दोपहर 3 बजे रजबंधा मैदान स्थित शहीद स्मारक भवन में होगा. इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव करेंगे. छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति डॉ. गौतम भादुड़ी और भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय मुख्य वक्ता होंगे.
कार्यक्रम में मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर के विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा और मोतीलाल साहू, महापौर मीनल चौबे तथा भाजपा के रायपुर शहर और ग्रामीण जिला अध्यक्षों के शामिल होने की जानकारी दी गई है.
कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च
कांग्रेस का राज्य स्तरीय ‘वोट बचाओ संविधान मार्च’ सुबह 11 बजे गांधी मैदान से शुरू होकर अंबेडकर चौक तक जाएगा. पार्टी के अनुसार, इसमें प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत दोपहर 1:30 बजे पहुंचेंगे. कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों, छात्र संगठनों, गैर सरकारी संगठनों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों से मार्च में शामिल होने की अपील की है.
प्रदेशभर में संविधान दिवस के आयोजन
छत्तीसगढ़ में सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, नगरीय निकायों और अन्य सार्वजनिक संस्थानों में सुबह 11 बजे संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कराया जाएगा. स्कूल-कॉलेजों में निबंध, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, संगोष्ठी, पोस्टर और चित्रकला प्रतियोगिताएं भी प्रस्तावित हैं. MyGov पोर्टल पर 23 भाषाओं में उद्देशिका वाचन और संविधान प्रश्नोत्तरी में भाग लेने के लिए युवाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा.
