छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में BJP पार्षद और जोन 8 के अध्यक्ष प्रीतम ठाकुर की कार पर पत्थर मारकर हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद दो अज्ञात बाइक सवार मौके से फरार हो गए. पार्षद की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना सोमवार रात की है. प्रीतम ठाकुर परिवार के साथ गणेश दर्शन के लिए जा रहे थे. इसी दौरान दो बाइक सवारों ने उनका पीछा किया और बैरनबाजार स्थित बाठिया नर्सिंग होम के पास कार को रुकवाया. आरोप है कि दोनों ने कार पर पत्थर फेंके, जिससे उसका शीशा टूट गया.
बताया गया है कि इससे पहले आमापारा इलाके में पार्षद और दोनों बाइक सवारों के बीच बाइक चलाने के तरीके को लेकर विवाद हुआ था. प्रारंभिक जानकारी में इसी विवाद को हमले की वजह बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस जांच के बाद ही घटना के कारण और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होगी.
घटना के बाद प्रीतम ठाकुर समर्थकों के साथ कोतवाली थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है.
