रायपुर में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ नारे के साथ पदयात्रा और रैली आयोजित की. कार्यक्रम का समापन सुभाष स्टेडियम में सभा के साथ हुआ. भाजपा के मुताबिक, इसमें 10 हजार से अधिक कार्यकर्ता, पदाधिकारी और आम लोग शामिल हुए. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में मौजूद रहे.

सीएम साय ने कांग्रेस पर साधा निशाना

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के नेता सत्ता में लौटने और प्रधानमंत्री बनने की इच्छा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते देश का विरोध करने लगे हैं. उन्होंने विपक्ष पर चुनी हुई सरकार को गिराने और अराजकता फैलाने की कोशिश का आरोप भी लगाया.

साय ने कहा कि कांग्रेस चुनाव हारने पर EVM और चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराती है, जबकि जीत मिलने पर उसी चुनाव आयोग को स्वीकार करती है. मुख्यमंत्री ने इसे कांग्रेस का दोहरा रवैया बताया. उन्होंने आजादी के बाद प्रधानमंत्री के चयन का उदाहरण देते हुए कांग्रेस की लोकतंत्र संबंधी राजनीति पर भी सवाल उठाए.

प्रदेशभर में पदयात्राओं का दावा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि यह अभियान लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के उद्देश्य से चलाया जा रहा है. उन्होंने भी कांग्रेस पर चुनावी हार के बाद EVM और चुनाव आयोग पर सवाल उठाने का आरोप लगाया. देव ने दावा किया कि देश की 148 करोड़ जनता लोकतंत्र की रक्षा के लिए सजग है.

भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने आरोप लगाया कि कुछ समूह भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि ऐसी कोशिशें सफल नहीं होंगी. भाजपा के अनुसार, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में प्रदेश के सभी जिलों में इसी तरह की पदयात्राएं निकाली जा रही हैं. रैली में मंत्री, विधायक, सांसद और पार्टी पदाधिकारी भी शामिल हुए.