छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने संगठन स्तर पर मंथन शुरू कर दिया है. रायपुर के बोरियाकला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में चुनावी कार्ययोजना पर बैठक चल रही है. इसमें प्रदेश संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ राज्य सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक शामिल हुए हैं.

बैठक में नगरीय निकाय चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति तैयार करने और संगठन की भूमिका तय करने पर चर्चा की जा रही है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष रामजी भारती, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी और डॉ. नवीन मार्कंडेय बैठक में मौजूद हैं.

भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता और सांसद संतोष पांडेय तथा क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी भी बैठक में शामिल हैं. इनके अलावा प्रदेश सरकार के अन्य मंत्री, सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी बैठक में मौजूद हैं.

संगठन की सक्रियता बढ़ाने पर जोर

बैठक में निकाय क्षेत्रों में संगठन की सक्रियता बढ़ाने, चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित करने और स्थानीय स्तर पर पार्टी की रणनीति पर विचार-विमर्श किया जा रहा है. प्रदेश संगठन के नेतृत्व में हो रही इस बैठक में जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों के बीच समन्वय बनाने पर भी जोर है.

बैठक में होने वाले फैसलों और तैयार की जाने वाली रणनीति के आधार पर भाजपा आगे की चुनावी गतिविधियों को गति देगी.