रायपुर के डीडी नगर क्षेत्र में एक सांड ने कंचनगंगा फेस-2, सेक्टर-2 और बंजारी नगर में करीब 15 लोगों पर हमला कर दिया. घायलों में पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष कल्पना पटेल भी शामिल हैं. घटना के बाद उन्हें और एक बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बाद में दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
हमले का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है. इसमें सांड घर के बाहर अपने एक साल के पोते को गोद में लेकर खड़े देवनारायण शर्मा पर पीछे से हमला करता दिख रहा है. अचानक हुए हमले में बुजुर्ग गिर पड़े और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. शुरुआती जानकारी में उनकी हालत गंभीर बताई गई थी, लेकिन बाद में अस्पताल से छुट्टी मिलने की बात कही गई.
काउ कैचर से नहीं पकड़ा गया सांड
सूचना मिलने पर नगर निगम के जोन नंबर-5 की टीम काउ कैचर लेकर पहुंची. टीम ने दिनभर सांड को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद वन विभाग और जंगल सफारी की टीम को बुलाया गया.
भाठागांव पशु चिकित्सालय के डॉ. दिनेश पटेल की मौजूदगी में टीम ने ट्रैंक्विलाइजर गन से सांड को बेहोश किया. इसके बाद उसे सुरक्षित रूप से काबू में लेकर इलाज के लिए जोन-5 के अधिकारियों को सौंप दिया गया.
गौसेवकों ने दावा किया कि करीब दो महीने पहले सांड को कुत्ते ने काटा था और इसी वजह से उसके आक्रामक होने की आशंका है. हालांकि, उपलब्ध जानकारी में रेबीज की पुष्टि नहीं हुई है.
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने घटना को लेकर सरकार पर आवारा मवेशियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पहले गोठानों में मवेशियों के लिए चारा-पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था की जाती थी.
