रायपुर में रेडीमेड कपड़ों के कारोबारी की एक्टिवा से 53 लाख रुपये से भरा बैग चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, बरामद पूरी रकम आरोपियों ने अपने घरों में गीजर, टीवी के पीछे और बच्चों के खिलौनों में छिपा रखी थी.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डीडी नगर निवासी मनीष यदु (39) और टाटीबंध निवासी कमलेश कुशवाहा (36) के रूप में हुई है. दोनों पर पहले भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है.
पान ठेले के सामने से बैग लेकर भागे
शैलेन्द्र नगर निवासी कारोबारी किशोर बलवानी की पंडरी कपड़ा मार्केट में रेडीमेड कपड़ों की दुकान है. पुलिस के मुताबिक, 9 अक्टूबर को सुबह करीब 11:40 बजे वह घर से दुकान के लिए निकले थे. एक्टिवा के सामने वाले पायदान पर सफेद बैग में 53 लाख रुपये रखे थे. करीब पांच मिनट बाद कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक पर वह पान लेने के लिए रुके. लौटने पर बैग गायब मिला. इसके बाद सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई.
हजारों CCTV फुटेज से हुई पहचान
जांच के दौरान घटनास्थल और आरोपियों के संभावित भागने वाले रास्तों के हजारों CCTV फुटेज खंगाले गए. पुलिस के मुताबिक, फुटेज में बिना नंबर की पल्सर बाइक पर दो संदिग्ध दिखाई दिए. दोनों पहचान छिपाने के लिए रास्ते में कपड़े बदलते और CCTV से बचने वाले मार्गों का इस्तेमाल करते नजर आए.
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने करीब एक सप्ताह तक कारोबारी की दिनचर्या पर नजर रखने की बात बताई. उनके मुताबिक, मौका मिलते ही दोनों एक्टिवा के सामने रखा नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए.
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 53 लाख रुपये बरामद किए हैं. इसके अलावा तीन बैंक खाते फ्रीज कराए गए तथा पल्सर बाइक और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए. आरोपियों के पुराने मामलों और इस केस में उनकी भूमिका की जांच जारी है.
