रायपुर के कारोबारी और राइस मिल संचालक दीपक कुमार मित्तल (56) की चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित ताज होटल में मौत हो गई. वह मार्कफेड की बैठक में शामिल होने के लिए चंडीगढ़ पहुंचे थे. बुधवार सुबह होटल के कमरे में बेसुध मिलने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

पुलिस के मुताबिक, दीपक मित्तल करीब दो दिन पहले होटल में ठहरे थे. बुधवार सुबह करीब 6 बजे एक वेटर कमरे में पहुंचा तो दरवाजा खुला मिला. वेटर ने उन्हें बिस्तर पर बेसुध देखा और होटल मैनेजर को सूचना दी. इसके बाद होटल कर्मचारियों ने उन्हें पास के अस्पताल पहुंचाया.

पुलिस ने शव को सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया है. अधिकारियों के अनुसार, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही स्पष्ट होगी. शुरुआती जांच में कमरे से शराब की बोतलें और कुछ दवाइयां मिलने की बात सामने आई है. पुलिस ने अधिक शराब सेवन या नशे की ओवरडोज की आशंका जताई है, लेकिन इसे अभी अंतिम कारण नहीं माना गया है.

होटल में आई युवती से पूछताछ

पुलिस स्टेशन सेक्टर-17 के एसएचओ सुदेश कुमार के अनुसार, दीपक को उनके ड्राइवर ने होटल छोड़ा था. रात में उनके कमरे में आई एक युवती से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस मौत की परिस्थितियों और होटल में मौजूद लोगों से जुड़ी जानकारी जुटा रही है.

होटल प्रवक्ता ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि होटल की संवेदनाएं परिवार के साथ हैं. प्रवक्ता के अनुसार, होटल परिवार की मदद कर रहा है और जांच में अधिकारियों को पूरा सहयोग देगा.

दीपक मित्तल रायपुर स्थित संजय ग्रेन प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर थे. कंपनी उसना और कच्चे चावल, बासमती चावल, फोर्टिफाइड राइस, दाल और चावल से बने अन्य उत्पादों का कारोबार करती है. कंपनी की स्थापना मई 1997 में हुई थी. इसका पंजीकृत कार्यालय रायपुर के रामसागरपारा स्थित आदिश्वर कॉम्प्लेक्स में और फैक्ट्री आमासिवनी में बताई गई है.

परिवार को बुधवार सुबह करीब 11 बजे मौत की सूचना दी गई. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पार्थिव शरीर बुधवार रात या गुरुवार सुबह रायपुर लाए जाने की संभावना थी. परिवार ने इस मामले पर फिलहाल सार्वजनिक रूप से बात नहीं की है.