रायपुर में कोयला खनन कारोबार में साझेदार बनाने और मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक कारोबारी से 4.55 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है. शिकायत के आधार पर तेलीबांधा पुलिस ने KNS विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमन नारायण सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में FIR दर्ज की है. आरोपों की जांच जारी है.

पुलिस के मुताबिक, ऐश्वर्या रेसिडेंसी निवासी अक्षत राजन थ्री डायमंड इंडस्ट्रीज के संचालक हैं. कुछ समय पहले उनकी पहचान अमन नारायण सिंह से हुई थी. शिकायत में आरोप है कि सिंह ने उन्हें कोरबा जिले के पाली स्थित सरायपाली ओपन कास्ट कोल माइन में बिजनेस पार्टनर बनाने का प्रस्ताव दिया. इसके साथ निवेश की रकम लौटाने और अच्छा मुनाफा देने का भरोसा भी दिलाया गया.

अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर

शिकायत के अनुसार, प्रस्ताव पर भरोसा करके अक्षत राजन ने आरोपी के अलग-अलग बैंक खातों में RTGS और NEFT के जरिए कुल 4,55,25,296 रुपये भेजे. इसके बाद वह खदान से जुड़े कामकाज में भी शामिल हुए. वर्ष 2023-24 के दौरान ईंधन, मशीनों के रखरखाव और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर अतिरिक्त रकम खर्च करने का भी दावा शिकायत में किया गया है.

आरोप है कि निवेश की मूल रकम और मुनाफे का हिसाब मांगने पर उन्हें टालमटोल वाले जवाब मिलते रहे. पिछले एक-दो वर्षों से रकम वापस मांगने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया. कारोबारी ने लेन-देन और खदान में हुए खर्चों का हिसाब नहीं देने का भी आरोप लगाया है.

लगातार प्रयासों के बाद 14 नवंबर को अक्षत राजन ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.