रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में रात के समय पत्नी के साथ टहल रहे एक कारोबारी से स्कूटी सवार दो युवकों ने मोबाइल झपट लिया. घटना 7 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे संतोषी नगर मेन रोड पर अनंत ज्वेलर्स के सामने हुई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, पीड़ित संजय नगर में राधाकृष्ण मंदिर के पास रहता है और घर से ‘बुट हाउस’ नाम से दुकान चलाता है. रात में खाना खाने के बाद वह अपनी पत्नी जाहिदा चांगल के साथ टहलने निकला था. वह कारोबार से संबंधित ऑडियो सुनने के लिए मोबाइल कान के पास लगाए हुए था.
पीड़ित के मुताबिक, अनंत ज्वेलर्स के सामने पहुंचने पर पीछे से स्कूटी सवार दो युवक आए. दोनों ने झपट्टा मारकर उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया और तेज रफ्तार में भाग गए. लूटा गया फोन Samsung Galaxy S25 बताया गया है, जिसमें Jio का सिम लगा था. पीड़ित ने इसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई है.
मोबाइल छीने जाने के बाद कारोबारी और उनकी पत्नी ने शोर मचाते हुए आरोपियों का पीछा किया, लेकिन वे फरार हो गए. कम रोशनी के कारण पीड़ित स्कूटी का नंबर नहीं देख सका. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज से आरोपियों की पहचान और तलाश करने की कोशिश कर रही है.
