रायपुर. कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली 137 दवाओं की संशोधित कीमतें लागू हो गई हैं. राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) ने इन दवाओं पर ट्रेड मार्जिन रेशनलाइजेशन (टीएमआर) लागू किया है. इसके बाद नई अधिकतम खुदरा कीमतें (एमआरपी) 9 नवंबर से प्रभावी हैं.

राज्य औषधि मूल्य निगरानी एवं संसाधन इकाई (सीजीपीएमआरयू) ने दवा विक्रेताओं, अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों को संशोधित कीमतों का पालन करने के निर्देश दिए हैं. उनसे दवाओं की नई मूल्य सूची प्रदर्शित करने को भी कहा गया है. निर्धारित एमआरपी से अधिक राशि वसूलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.

विभाग ने मरीजों और उनके स्वजन से दवा खरीदते समय पैक पर दर्ज एमआरपी जांचने की अपील की है. यदि कोई मेडिकल स्टोर या अस्पताल तय कीमत से अधिक पैसे लेता है अथवा दवा उपलब्ध नहीं कराता, तो इसकी शिकायत की जा सकती है.

शिकायत के लिए एनपीपीए के हेल्पलाइन नंबर 1800-111-255 और सीजीपीएमआरयू के नंबर 9340595097 पर संपर्क किया जा सकता है. मरीज cg-pmru@cg.gov.in और monitoring-nppa@gov.in पर ई-मेल के जरिए भी शिकायत भेज सकते हैं.

मरीजों को सलाह दी गई है कि वे दवा का पैक, बिल और एमआरपी से जुड़ी जानकारी संभालकर रखें, ताकि शिकायत करते समय संबंधित विवरण उपलब्ध कराया जा सके.