रायपुर की सेंट्रल जेल में बंदियों के पुनर्वास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. प्रशिक्षण पूरा होने पर 70 बंदियों को प्रमाण-पत्र दिए गए. इनमें 40 पुरुष बंदियों ने कंप्यूटर और 30 महिला बंदियों ने असिस्टेंट हेयर ड्रेसर (एडवांस) का प्रशिक्षण लिया.

यह कार्यक्रम भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के जन शिक्षण संस्थान निदेशालय और छत्तीसगढ़ जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चलाया गया. इसका उद्देश्य बंदियों को उपयोगी व्यावसायिक और डिजिटल कौशल उपलब्ध कराना है, ताकि रिहाई के बाद वे रोजगार या स्वरोजगार के अवसर तलाश सकें.

कंप्यूटर और ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण

पुरुष बंदियों को ‘कोर्स ऑन कंप्यूटर कॉन्सेप्ट’ के तहत प्रशिक्षण दिया गया. इसमें कंप्यूटर की बुनियादी जानकारी और उसके इस्तेमाल से जुड़े कौशल शामिल थे. कार्यक्रम के तहत डिजिटल साक्षरता बढ़ाने पर जोर दिया गया.

महिला बंदियों को ‘असिस्टेंट हेयर ड्रेसर (एडवांस)’ पाठ्यक्रम के तहत प्रशिक्षण मिला. इसमें हेयर ड्रेसिंग और ब्यूटी पार्लर से जुड़े काम सिखाए गए. जेल प्रशासन के अनुसार, यह प्रशिक्षण रिहाई के बाद इन कौशलों के माध्यम से कमाई का अवसर उपलब्ध कराने में मददगार हो सकता है.

कार्यक्रम में जेल महानिदेशक हिमांशु गुप्ता मुख्य अतिथि रहे. उन्होंने कहा कि ‘निश्चय कार्यक्रम’ के तहत बंदियों को शिक्षा और कौशल विकास के अवसर दिए जा रहे हैं. उनके मुताबिक, कौशल प्रशिक्षण से आत्मविश्वास बढ़ सकता है और समाज की मुख्यधारा में लौटने में सहायता मिल सकती है.

कार्यक्रम की अध्यक्षता जन शिक्षण संस्थान रायपुर के अध्यक्ष और सेवानिवृत्त आईएएस ठाकुर राम सिंह ने की. इस दौरान जेल अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, संस्थान के डायरेक्टर अतुल सिंह और नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के स्टेट एंगेजमेंट ऑफिसर वैभव अग्रवाल मौजूद रहे.