रायपुर केंद्रीय जेल में बंदियों तक कपड़ों में छिपाकर मादक पदार्थ और मोबाइल फोन पहुंचाने की कोशिशों की जानकारी सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने सुरक्षा जांच सख्त करने के निर्देश दिए हैं. जेल अधीक्षक ने 5 नवंबर को जारी आदेश में अधिकारियों और कर्मचारियों से तलाशी प्रक्रिया में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा है.
आदेश के अनुसार, पेशी के लिए जेल से बाहर जाने और लौटने वाले बंदियों की सघन तलाशी ली जाएगी. बंदियों से मिलने आने वाले परिजनों और परिचितों की जेल में प्रवेश से पहले जांच होगी. वे अपने साथ जो सामान लाएंगे, उसकी मुलाकात कक्ष में भी जांच की जाएगी.
वाहनों और कर्मचारियों की भी होगी जांच
जेल परिसर में प्रवेश करने वाले वाहनों की दो स्तर पर जांच की जाएगी. पहले गार्ड इंचार्ज वाहन की जांच करेंगे. इसके बाद मुख्य गेट पर तैनात गेट कीपर, मुख्य प्रहरी और प्रहरी वाहन के साथ चालक की भी बारीकी से तलाशी लेंगे. जांच पूरी होने के बाद ही वाहन को जेल के भीतर जाने की अनुमति दी जाएगी.
जेल प्रशासन ने बंदियों की बैरकों और उनके सामान की नियमित सघन तलाशी लेने के निर्देश भी दिए हैं. जेल के अंदरूनी हिस्सों का समय-समय पर निरीक्षण किया जाएगा. सुरक्षा व्यवस्था में तैनात मुख्य प्रहरी और अन्य सिविल कर्मचारियों को भी जेल गेट पर ड्यूटी के लिए आते और जाते समय तलाशी से गुजरना होगा.
तलाशी के दौरान प्रतिबंधित सामग्री मिलने या जब्त होने पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देनी होगी. इन निर्देशों के पालन की जिम्मेदारी उप जेल अधीक्षक को दी गई है.
