रायपुर केंद्रीय जेल में सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने औचक सर्च ऑपरेशन चलाया. अभियान सुबह 11 बजे शुरू हुआ और दोपहर 3 बजे तक चला. अधिकारियों के अनुसार, तलाशी अभियान में करीब 50 जवान शामिल रहे.

डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला, डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और एडीएम उमाशंकर बांधे के नेतृत्व में टीमों ने जेल की अलग-अलग बैरकों की एक साथ जांच की. क्राइम ब्रांच/एसीसीयू और सेंट्रल जोन के थानों के अधिकारी-कर्मचारी भी तलाशी दलों में शामिल थे.

टीमों ने कैदियों और उनके सामान की जांच करने के साथ जेल परिसर के चिन्हित स्थानों को भी खंगाला. महिला कैदियों की बैरक के लिए अलग टीम बनाई गई थी और वहां भी सुरक्षा मानकों के अनुसार तलाशी ली गई.

अधिकारियों के मुताबिक, सर्च ऑपरेशन के दौरान कोई विशेष आपत्तिजनक या प्रतिबंधित सामग्री बरामद नहीं हुई. अभियान की निगरानी एडिशनल डीसीपी सेंट्रल जोन विवेक शुक्ला, एडिशनल डीसीपी एसीसीयू गौरव मंडल, एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा और प्रशिक्षु डीएसपी अमित कोसमा ने की.

संयुक्त टीम ने जेल प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने और सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए. अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के औचक निरीक्षण का उद्देश्य जेल की आंतरिक सुरक्षा मजबूत करना और प्रतिबंधित सामग्री के संभावित प्रवेश या इस्तेमाल को रोकना है.