रायपुर जिला प्रशासन के ‘प्रोजेक्ट अनुभव’ के तहत CGPSC राज्य सेवा परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए मॉक इंटरव्यू आयोजित किया गया. फुंडहर स्थित नेतृत्व साधना केंद्र में हुए इस अभ्यास में 19 अभ्यर्थी शामिल हुए. इसका उद्देश्य उम्मीदवारों को वास्तविक साक्षात्कार जैसा अनुभव देना और उनकी तैयारी को बेहतर बनाना था.

विशेषज्ञों के पैनल ने परखी तैयारी

मॉक इंटरव्यू में प्रशासनिक सेवा के अनुभवी और सेवानिवृत्त अधिकारियों, शिक्षाविदों तथा विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने पैनल सदस्य के रूप में अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया. इस दौरान उम्मीदवारों के आत्मविश्वास, संवाद शैली, विषय की समझ, समसामयिक घटनाओं की जानकारी और प्रशासनिक सोच का आकलन किया गया.

अभ्यर्थियों से प्रशासन, छत्तीसगढ़ और मौजूदा घटनाक्रम से जुड़े सवाल पूछे गए. इसके अलावा उनके शैक्षणिक और व्यक्तिगत अनुभवों पर भी चर्चा की गई. प्रशासनिक परिस्थितियों से जुड़े सवालों के जरिए यह समझने का प्रयास किया गया कि वे अलग-अलग स्थितियों में किस तरह निर्णय लेते हैं.

प्रदर्शन के बाद व्यक्तिगत सुझाव

साक्षात्कार पूरा होने के बाद विशेषज्ञों ने प्रत्येक अभ्यर्थी को उसके प्रदर्शन पर व्यक्तिगत फीडबैक दिया. उत्तर देने के तरीके, व्यक्तित्व, अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास से जुड़ी कमियों की जानकारी देते हुए सुधार के सुझाव भी दिए गए.

पैनल में सेवानिवृत्त IAS अधिकारी संजय अलंग, जिला पंचायत के CEO कुमार विश्वरंजन, खेल एवं युवा कल्याण संचालक आकांक्षा सिंह और अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर समेत विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल रहे.