रायपुर के चंदनडीह स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में सेंधमारी की कोशिश का मामला सामने आया है. अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों ने बैंक का शटर और ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया. शाखा प्रबंधक के केबिन, चेकबुक ड्रॉप बॉक्स, टेबल की दराज और कंप्यूटर मॉनिटर को नुकसान पहुंचा है. कैश वॉल्ट यानी स्ट्रांग रूम के लॉक को भी तोड़ने का प्रयास किया गया.

शाखा प्रबंधक गणेश मिश्रा के पुलिस को दिए बयान के मुताबिक, 5 अक्टूबर को रोजाना का काम पूरा होने के बाद शाम करीब 7 बजे बैंक बंद किया गया था. 6 अक्टूबर को सुबह करीब 9:30 बजे कर्मचारी दानिश खान बैंक खोलने पहुंचे. उन्होंने शाखा प्रमुख के केबिन का ताला टूटा और शटर क्षतिग्रस्त देखा. इसके बाद उन्होंने प्रबंधक को सूचना दी.

मौके पर पहुंचे प्रबंधक को बैंक की एक खिड़की का कांच भी टूटा मिला. निरीक्षण के दौरान चेकबुक ड्रॉप बॉक्स और टेबल की दराज खुली व क्षतिग्रस्त मिलीं. बैंक में लगे कंप्यूटर स्क्रीन और मॉनिटर को भी नुकसान पहुंचाया गया था.

बैंक प्रबंधन के अनुसार, शाखा में रखी नकदी, दस्तावेजों, अभिलेखों और अन्य संपत्ति का विस्तृत आकलन अभी किया जाना बाकी है. प्रबंधक ने आमानाका थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ शिकायत देकर जांच, पहचान और कानूनी कार्रवाई की मांग की है.