छत्तीसगढ़ में पहली बार राज्यस्तरीय डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड समारोह का आयोजन 25 नवंबर को रायपुर में किया जाएगा. ‘छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026’ नाम से होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के शामिल होने की जानकारी दी गई है. समारोह दोपहर 12 बजे होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में होगा.
राज्य शासन की ओर से माय सीजी गर्वनमेंट प्लेटफॉर्म के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के यूट्यूबर्स, इंस्टाग्राम क्रिएटर्स, फिल्ममेकर्स, फोटोग्राफर्स, ब्लॉगर्स, कलाकारों और स्टोरीटेलर्स को सम्मानित किया जाएगा. आयोजकों के अनुसार, 16 मुख्य अवॉर्ड और 46 उपश्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले क्रिएटर्स एवं इन्फ्लुएंसर्स का चयन होगा. विजेताओं को कुल 10 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि दी जाएगी.
पुरस्कारों में लाइफस्टाइल, फूड एंड फैशन, कल्चर, हेरिटेज एंड टूरिज्म, क्रिएटिव, कॉमेडी एंड एंटरटेनमेंट और ट्राइबल वॉइस जैसी श्रेणियां शामिल हैं. कार्यक्रम का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, पर्यटन, विरासत और स्थानीय कहानियों को डिजिटल माध्यम से व्यापक पहचान दिलाना तथा प्रदेश की क्रिएटर इकोनॉमी को बढ़ावा देना है.
राष्ट्रीय क्रिएटर्स के साथ संवाद
समारोह में नेशनल क्रिएटर्स अवॉर्ड के छह विजेता क्रिएटर्स और आरजे शरत के शामिल होने की बात कही गई है. डिजिटल क्रिएटर राज शमानी वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे. कार्यशालाओं, विशेषज्ञ सत्रों और नेटवर्किंग गतिविधियों के जरिए उभरते क्रिएटर्स को कंटेंट निर्माण और डिजिटल क्षेत्र की संभावनाओं पर जानकारी दी जाएगी.
कार्यक्रम में भजन क्लबिंग, बस्तर रैम्प वॉक और पारंपरिक एवं आदिवासी नृत्यों की प्रस्तुतियां भी प्रस्तावित हैं. सार्वजनिक मतदान 24 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे तक innovatecg.in पर किया जा सकता है. जानकारी के लिए 93118 51177 और 88202 64688 नंबर दिए गए हैं.
