छत्तीसगढ़ धोबी समाज 2 अक्टूबर को सामाजिक एकता अभियान की शुरुआत करेगा. कार्यक्रम दोपहर 12 बजे रायपुर के बोरियाखुर्द स्थित नातिन धोबिन दाई परिसर में आयोजित किया जाएगा. महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर होने वाले इस कार्यक्रम में समाज के प्रदेश अध्यक्ष सूरज निर्मलकर, सामाजिक चिंतक संतराम कन्नौजे और उपाध्यक्ष चंद्रहास निर्मलकर अभियान की शुरुआत करेंगे.
समाज के अनुसार, अभियान का उद्देश्य क्षेत्र और अलग-अलग गुटों के आधार पर होने वाले भेदभाव को खत्म कर सामाजिक एकता को बढ़ावा देना है. इसके तहत छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में सामाजिक एकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है. कार्यक्रम में महाराष्ट्र के नागपुर में राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी का महासचिव बनाए गए मूलचंद निर्मलकर का सम्मान भी किया जाएगा.
समाज के प्रवक्ता हीरालाल निर्मलकर और राजधानी के महासचिव टामन कन्नौजे ने बताया कि बैठक में सभी जिला अध्यक्षों को बुलाया गया है.
भवनों के उद्घाटन और कार्यकारिणी पर चर्चा
बैठक में नगर निगम के सहयोग से बने कॉन्फ्रेंस हॉल, बाउंड्रीवॉल, ज्योति जवारा कक्ष, रसोई कक्ष और छात्रावास भवन के उद्घाटन की तारीख तय करने पर विचार होगा. उद्घाटन कार्यक्रम के अतिथियों के नामों पर भी चर्चा की जाएगी.
इसके अलावा प्रदेश, जिला और परीक्षेत्र स्तर की कार्यकारिणी के विस्तार की योजना बनेगी. परीक्षेत्रीय अध्यक्षों को जिम्मेदारियां सौंपने के साथ समाज के आगामी चुनाव की तारीख घोषित करने पर भी विचार किया जाएगा.
