मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 27 अक्टूबर को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ हर्बल्स के दिवाली गिफ्ट पैक का लोकार्पण किया. ये पैक वन धन विकास केंद्रों से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए स्थानीय और हर्बल उत्पादों से बनाए गए हैं.
गिफ्ट पैक दो श्रेणियों में उपलब्ध होंगे. प्रीमियम पैक में नौ तरह के चयनित उत्पाद रखे गए हैं, जबकि सामान्य पैक में पांच उत्पाद शामिल हैं. इन्हें छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ द्वारा संचालित संजीवनी विक्रय केंद्रों से खरीदा जा सकेगा.
पैक में जामुन जूस, जामुन स्प्रेड, आंवला कैंडी, इमली कैंडी, कोदो और महुआ से बनी कुकीज, च्यवनप्राश, वाइल्ड फॉरेस्ट हनी, बस्तर के मसाले और नमकीन काजू, जशपुर की ग्रीन टी तथा एलोवेरा जेल जैसे उत्पाद शामिल हैं. उत्पादों में राज्य की वन संपदा और पारंपरिक खाद्य संस्कृति से जुड़े विकल्पों को जगह दी गई है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की वन संपदा लाखों वनवासी परिवारों की आजीविका का आधार है. सरकार का प्रयास है कि वनोपज का मूल्य संवर्धन प्रदेश में ही हो और इसका लाभ संग्राहकों तथा महिला समूहों तक पहुंचे. उन्होंने लोगों से स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील भी की.
इन उत्पादों का निर्माण कौरीनभाटा राजनांदगांव, बोड़ला कवर्धा, पंचक्की जशपुर, आसना जगदलपुर, दुगली धमतरी, डोंगानाला कटघोरा और जामगांव एम दुर्ग की प्रसंस्करण इकाइयों में हो रहा है. इन वन धन केंद्रों का सालाना कारोबार करीब 60 से 70 लाख रुपये बताया गया है. उत्पादन, प्रसंस्करण और पैकेजिंग से महिला समूहों के लिए स्थानीय रोजगार और आय के अवसर बन रहे हैं.
