केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे. गृह मंत्रालय की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, वे रायपुर में एक निजी अस्पताल और विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण करेंगे. इसके बाद वे छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.
कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से दोपहर 2:40 बजे रायपुर पहुंचेंगे. दोपहर 3 बजे वे मंडी रोड, पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद शाम 4:50 बजे वे नया रायपुर अटल नगर के सेक्टर-16 स्थित ‘पीपल वन’ पहुंचेंगे, जहां विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण प्रस्तावित है.
शाह इसके बाद नया रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान जाएंगे. यहां शाम 6 बजे से राज्योत्सव का समापन समारोह आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे. समारोह में प्रदेश की विभिन्न विधाओं और क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा.
सांस्कृतिक कार्यक्रम और राज्य अलंकरण
राज्योत्सव के अंतिम दिन मुख्य मंच पर शाम 6 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे. दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार शाम 6 से 6:30 बजे तक लोकसंगीत प्रस्तुत करेंगे. इसके बाद पद्मश्री उषा बारले छत्तीसगढ़ की लोक और आध्यात्मिक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुति देंगी.
राज्य अलंकरण समारोह में कला, संस्कृति, साहित्य और समाज सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा. समारोह के बाद बॉलीवुड के पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य की प्रस्तुति प्रस्तावित है.
शिल्पग्राम मंच पर दोपहर 3 बजे से दस सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी. इनमें पंथी नृत्य, आदिवासी लोकसंगीत, कथक, भजन, सूफी संगीत, लोकमंच और नाट्य प्रस्तुतियां शामिल होंगी. रायपुर, दुर्ग और कबीरधाम समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों के कलाकार इन कार्यक्रमों में भाग लेंगे.
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अमित शाह के रात 8:20 बजे नई दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम है.
