रायपुर में 28 नवंबर को छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस का राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा. सिविल लाइंस स्थित न्यू सर्किट हाउस के कन्वेंशन हॉल में होने वाले कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 10 बजे करेंगे. समारोह में छत्तीसगढ़ी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के साथ साहित्यिक गतिविधियां भी होंगी.

कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल के उपस्थित रहने की जानकारी दी गई है. उद्घाटन सत्र में छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की सचिव डॉ. अभिलाषा बेहार स्वागत उद्बोधन देंगी, जबकि आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा अध्यक्षीय उद्बोधन देंगे.

14 साहित्यिक कृतियों का विमोचन

समारोह में छत्तीसगढ़ी भाषा और साहित्य से जुड़ी 14 कृतियों का विमोचन किया जाएगा. इनमें अरविंद मिश्र की ‘नोहर-छोहर छत्तीसगढ़’, बिसरू राम कुर्रे की ‘माटी के लाल’, गणेश्वर पटेल की ‘आखर अउ अंजोर’, पद्मा साहू ‘पर्वणी’ की ‘उधारी के सुवासा’, सुमित्रा साहू की ‘छत्तीसगढ़ के गहना-गुरिया परिधान’ और रामकुमार वर्मा की ‘जसगीत झांकी भाग-02’ शामिल हैं.

इसके अलावा अमोल दास टंडन, बलराम मिर्झा, प्रिया देवांगन, सुधा वर्मा, डोरे लाल कैवर्त, बंशीधर लाल और डूमन लाल ध्रुव की कृतियों का भी विमोचन होगा.

पांच साहित्यकारों का सम्मान

छत्तीसगढ़ी भाषा और साहित्य में योगदान के लिए गरियाबंद के मकसूदन राम साहू ‘बरीवाला’, रायगढ़ की सुधा देवांगन, सरगुजा के बतौली निवासी सुदामा राम गुप्ता तथा रायपुर जिले के ईश्वर साहू ‘बंधी’ और गोविंद धनगर को सम्मानित किया जाएगा. अतिथियों को छत्तीसगढ़ी परंपरा के अनुरूप ‘मया चिन्हारी’ भेंट की जाएगी.

दूसरे सत्र में दोपहर एक से दो बजे तक ‘पुरखा के सुरता’ विषय पर परिचर्चा होगी. यह सत्र दिवंगत डॉ. सत्यभामा आडिल को समर्पित रहेगा. तीसरे सत्र में दोपहर तीन से शाम छह बजे तक छत्तीसगढ़ी कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. आयोजकों ने साहित्यकारों, कवियों, लेखकों और छत्तीसगढ़ी भाषा प्रेमियों से समारोह में शामिल होने का आग्रह किया है.