केंद्रीय मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का प्रस्तावित दो दिवसीय दौरा स्थगित कर दिया गया है. वे निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों के दल के साथ 7 और 8 अक्टूबर को रायपुर आने वाले थे. राज्य मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी किया है.
पत्र के अनुसार, दौरा अपरिहार्य कारणों से फिलहाल टाला गया है. आयोग की टीम के आगमन को लेकर निर्धारित कई कार्यक्रमों को भी रोक दिया गया है. दौरे के दौरान राज्य में निर्वाचन संबंधी समीक्षा और अन्य महत्वपूर्ण बैठकों की रूपरेखा तय की गई थी.
राज्य अतिथि प्रोटोकॉल के तहत हुई थी तैयारी
प्रस्तावित प्रवास को देखते हुए छत्तीसगढ़ शासन ने ज्ञानेश कुमार और उनके साथ आने वाले अधिकारियों के लिए राज्य अतिथि प्रोटोकॉल लागू किया था. उनके ठहरने, सुरक्षा और परिवहन से जुड़े इंतजामों के लिए विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं. प्रशासन ने दौरे के मद्देनजर आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए थे.
दौरा स्थगित होने के बाद अब नई तारीख को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार, नई दिल्ली स्थित भारत निर्वाचन आयोग मुख्यालय से नया कार्यक्रम मिलने के बाद ही यात्रा की अगली तारीख और संबंधित कार्यक्रमों की जानकारी साझा की जाएगी. फिलहाल रायपुर दौरे की नई तिथि निर्धारित नहीं हुई है.
