रायपुर में प्रसव के दौरान 32 वर्षीय महिला का यूटेरस और यूरिनरी ब्लैडर फटने से उसकी हालत गंभीर हो गई. भारी रक्तस्राव के बीच गर्भस्थ शिशु की मौत हो चुकी थी. महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाद नजदीकी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर के अंबेडकर अस्पताल रेफर किया गया.
महिला की यह चौथी गर्भावस्था थी और गर्भावस्था की पूरी अवधि के बाद उसे लेबर पेन शुरू हुआ था. मेडिकल कॉलेज में प्रसव कराने की कोशिश के दौरान यूटेरस और ब्लैडर को नुकसान पहुंचा. इसके बाद उसे लगातार रक्तस्राव होने लगा और तत्काल ऑपरेशन की जरूरत पड़ी.
पांच घंटे चली आपात सर्जरी
अंबेडकर अस्पताल के स्त्री-प्रसूति रोग विभाग की टीम ने करीब पांच घंटे तक सर्जरी की. डॉक्टरों के अनुसार, यूटेरस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था, इसलिए उसे निकालना पड़ा. सर्जरी विभाग की डॉ. प्राची ने यूरिनरी ब्लैडर की मरम्मत में सहयोग किया, जबकि एनेस्थीसिया विभाग की डॉ. अमृता की टीम ने ऑपरेशन के दौरान मरीज की स्थिति संभाली.
इलाज के दौरान महिला को कुल 10 यूनिट ब्लड और ब्लड कंपोनेंट्स चढ़ाए गए. सर्जरी के बाद उसकी हालत गंभीर बनी रही, इसलिए उसे क्रिटिकल केयर यूनिट में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया. डॉ. ओपी सुंदरानी की टीम की निगरानी में वह दो दिन तक इलाज और मॉनिटरिंग में रही.
स्त्री-प्रसूति रोग, सर्जरी, एनेस्थीसिया, क्रिटिकल केयर, ब्लड बैंक और नर्सिंग स्टाफ ने मिलकर उपचार किया. हालत में सुधार के बाद महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
