रायपुर में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि झूठ और भ्रम फैलाकर जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता. उन्होंने कहा कि विपक्ष को अपनी चुनावी हार के कारणों पर गंभीरता से आत्ममंथन करना चाहिए.

चिराग पासवान रविवार को रायपुर पहुंचे. उन्होंने कहा कि पार्टी जल्द ही छत्तीसगढ़ में अपनी राज्य इकाई गठित करेगी. इसके बाद जिला स्तर तक संगठन का विस्तार किया जाएगा और पदाधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सत्याग्रह और विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे चुनाव संबंधी सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए चिराग ने कहा कि सत्याग्रह की सोच अच्छी है. उनके मुताबिक युवाओं और देश के नागरिकों को अपनी बात रखने के लिए अधिक से अधिक मंच मिलना चाहिए.

हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अलग-अलग मुद्दों को उठाता है और कुछ समय बाद उन्हें छोड़ देता है. चिराग ने ईवीएम और एसआईआर विवाद का उदाहरण देते हुए कहा कि जनता को बार-बार भ्रमित करने के बजाय विपक्ष को आत्ममंथन करना चाहिए.

छत्तीसगढ़ में गठबंधन और सीटों के बंटवारे पर उन्होंने कहा कि अंतिम फैसला चुनावी परिस्थितियों को देखकर लिया जाएगा.