रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में 8वीं कक्षा की एक छात्रा की मौत के बाद स्कूल प्रबंधन पर सवाल उठे हैं. छात्रा छत्तीसगढ़ नगर स्थित सरस्वती शिक्षा मंदिर में पढ़ती थी. परिजनों ने आरोप लगाया है कि स्कूल में उसे डांटा-फटकारा गया और मानसिक रूप से परेशान किया गया. हालांकि, स्कूल की प्रिंसिपल ने प्रताड़ना के आरोपों से इनकार किया है.
परिजनों के अनुसार, छात्रा की मौत सोमवार शाम घर में हुई. इसके बाद मंगलवार को परिजन, स्थानीय लोग और कुछ नेता स्कूल के बाहर पहुंचे और प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया. मामले में टिकरापारा थाने में शिकायत भी दी गई है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
स्कूल प्रबंधन का पक्ष
प्रिंसिपल इंद्राणी दुबे के मुताबिक, 9 अक्टूबर को लंच के दौरान 8वीं कक्षा की चार बच्चियों पर एक शिक्षिका के लिए आपत्तिजनक टिप्पणी करने की शिकायत मिली थी. शिकायत के बाद चारों छात्राओं से इस बारे में पूछा गया और उन्हें शिक्षकों व बड़ों का सम्मान करने की समझाइश दी गई. प्रिंसिपल का कहना है कि बच्चियों को अगले दिन अपने माता-पिता के साथ स्कूल आने के लिए कहा गया था. उनके अनुसार, बातचीत के दौरान बच्चियों के साथ कोई प्रताड़ना नहीं हुई.
परिजनों और पूर्व पार्षद देवेंद्र यादव का आरोप है कि छात्रा की मां सोमवार शाम करीब 4 बजे स्कूल पहुंचीं, लेकिन उन्हें गेट से ही लौटा दिया गया और प्रबंधन ने उनसे मुलाकात नहीं की. यादव ने आशंका जताई कि मां के साथ हुए कथित व्यवहार से छात्रा आहत हुई होगी. उन्होंने मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है.
चार छात्राओं में शामिल एक अन्य बच्ची के परिजन ओमप्रकाश साहू ने बताया कि स्कूल की ओर से उन्हें पत्नी के साथ बुलाया गया था, लेकिन फोन पर बैठक का कारण स्पष्ट नहीं बताया गया. उन्होंने कहा कि उनकी बेटी ने घर पर ऐसी किसी घटना से इनकार किया था.
परिजनों के मुताबिक, मृत छात्रा पढ़ाई में अच्छी थी और कक्षाओं में अव्वल आती थी. पुलिस शिकायत के आधार पर स्कूल प्रबंधन के आरोपों और छात्रा की मौत के बीच संभावित संबंध समेत सभी तथ्यों की जांच कर रही है.
