रायपुर जिले में कक्षा 9 के एक छात्र को विद्यालय से टीसी देकर बाहर किए जाने का मामला छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के संज्ञान में आया है. छात्र के पालक ने आवेदन देकर आरोप लगाया कि विद्यालय ने बिना समुचित जानकारी दिए छात्र को कक्षा से बाहर किया और उसके खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई करते हुए टीसी जारी कर दी.

आवेदन में यह भी कहा गया है कि छात्र पर तंत्र क्रिया में संलिप्त होने का कथित आरोप लगाया गया था. हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार इस आरोप की कोई पुष्टि नहीं हुई है. पालक ने विद्यालय प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है.

आयोग ने जांच के निर्देश दिए

आवेदन का अवलोकन करने के बाद आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने मामले को गंभीर मानते हुए छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग अधिनियम, 2005 की धारा 13(1)(ज) और धारा 14 के तहत इसका संज्ञान लिया. आयोग ने सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, रायपुर को मामले की विस्तृत जांच कर तथ्यात्मक और लिखित प्रतिवेदन पेश करने का निर्देश दिया है.

आयोग की ओर से संबंधित अधिकारी से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं. इसके अलावा प्रयास विद्यालय, रायपुर के प्राचार्य और अधीक्षक को 21 सितंबर 2026 को दोपहर 2 बजे आयोग कार्यालय में उपस्थित होने को कहा गया है. उन्हें संबंधित दस्तावेज और अपना पक्ष प्रस्तुत करना होगा.

आयोग ने छात्र की टीसी निरस्त कर उसकी पढ़ाई दोबारा जारी रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए हैं. अंतिम निर्णय होने तक छात्र की शिक्षा निर्बाध जारी रखने को कहा गया है, ताकि मामले की कार्रवाई से उसके शैक्षणिक हित प्रभावित न हों.