रायपुर में 17 सितंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कई कार्यक्रम निर्धारित हैं. मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास में भगवान विश्वकर्मा पूजा में शामिल होंगे. इसके बाद दोपहर 12 बजे बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में होने वाले राज्य स्तरीय श्रमिक महासम्मेलन में पहुंचेंगे.

मुख्यमंत्री दोपहर 2:40 बजे से शाम 4:15 बजे तक बीरगांव के बुधवारी बाजार में रहेंगे. यहां भगवान विश्वकर्मा पूजा और किसान-मजदूर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. इसके बाद शाम 4:40 बजे वे रायपुर के महादेवघाट में ‘आशीर्वाद का दीया’ महाआरती कार्यक्रम में शामिल होंगे. शाम 6:35 बजे मुख्यमंत्री तेलीबांधा तालाब स्थित मरीन ड्राइव पहुंचेंगे, जहां ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होगा.

बीजेपी का सेवा संकल्प अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बीजेपी छत्तीसगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू करेगी. पार्टी के अनुसार, प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भी कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

अभियान के तहत ‘वडनगर से काशी’ तक यात्रा निकाली जाएगी. इसे दो हिस्सों में आयोजित करने की योजना है और इसमें कुल 10 टोलियां शामिल होंगी. प्रत्येक टोली में 50 युवा कार्यकर्ता रहेंगे. यात्रा प्रदेश के 18 जिलों से होकर गुजरेगी. इस दौरान कार्यकर्ता लोगों से संवाद करेंगे और बस्तर में स्थानीय लोगों के साथ विशेष संपर्क कार्यक्रम किए जाएंगे.

कांग्रेस का महंगाई-बेरोजगारी दिवस

कांग्रेस ने 17 सितंबर को ‘महंगाई और बेरोजगारी दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की है. पार्टी प्रदेश के सभी जिलों में पत्रकार वार्ताएं आयोजित करेगी. कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, इन वार्ताओं में महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक स्थिति से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे. पार्टी केंद्र सरकार के कार्यकाल की कथित विफलताओं और वादाखिलाफी पर भी सवाल उठाने की बात कह रही है.

एयरपोर्ट पर यात्री सेवा अभियान

स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर में 17 सितंबर से ‘यात्री सेवा अभियान-2026’ शुरू होगा. यह अभियान 10 अक्टूबर तक चलेगा. इसके तहत यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता पर ध्यान देने के साथ सीधे फीडबैक लिया जाएगा. एयरपोर्ट परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए जाएंगे. सेवा गुणवत्ता की समीक्षा कर यात्रियों के सुझावों के आधार पर व्यवस्थाओं में सुधार किए जाने की जानकारी दी गई है.