रायपुर में मंगलवार, 20 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. दोपहर में वे रायपुर रेलवे स्टेशन पर होने वाले लोकार्पण कार्यक्रम और नई रेल सेवाओं के शुभारंभ में मौजूद रहेंगे. इसके बाद शाम 6 बजे WRS कॉलोनी के दशहरा उत्सव और शाम 7:30 बजे रावणभाठा के दशहरा कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम है.
WRS मैदान में 101 फीट के रावण का दहन
रायपुर के कई मैदानों में दशहरा पर रावण दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे. WRS मैदान में 101 फीट ऊंचे रावण का दहन प्रमुख आकर्षण रहेगा. बोरियाखुर्द में रावण के साथ कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतले भी जलाए जाएंगे.
WRS मैदान के पास मुंबई-हावड़ा रेल लाइन होने के कारण रेलवे ने सुरक्षा व्यवस्था की है. मंगलवार को उरकुरा से रायपुर स्टेशन के बीच ट्रेनें दोपहर 12 बजे से रात 12 बजे तक अधिकतम 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी. लोको पायलटों को लगातार हॉर्न बजाने और जरूरत पड़ने पर ट्रेन रोकने के निर्देश दिए गए हैं.
रावघाट और कुरूद के लिए नई रेल सेवाएं
मुख्यमंत्री की मौजूदगी में रायपुर-रावघाट और रायपुर-कुरूद के बीच दो नई यात्री रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाई जाएगी. कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये जुड़ेंगे. ताड़ोकी-रावघाट और अभनपुर-कुरूद ब्रॉडगेज रेल लाइन का उद्घाटन भी प्रस्तावित है. रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास किया जाएगा.
छात्रवृत्ति के लिए 23 अक्टूबर तक आवेदन
राष्ट्रीय साधन-सह-प्रवीण्य छात्रवृत्ति योजना 2026-27 के तहत छत्तीसगढ़ के लिए 2,246 सीटें निर्धारित हैं. पात्र विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक हर महीने 1,000 रुपये छात्रवृत्ति मिलेगी. सरकारी, अनुदान प्राप्त और स्थानीय निकाय के स्कूलों में कक्षा 8वीं में पढ़ रहे विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं. कक्षा 7वीं में कम से कम 55 प्रतिशत अंक और परिवार की वार्षिक आय 3.50 लाख रुपये से अधिक न होना जरूरी है. अनुसूचित जाति और जनजाति के विद्यार्थियों को अंकों में 5 प्रतिशत की छूट मिलेगी. सत्यापित आवेदन 23 अक्टूबर तक स्कूल में जमा करने हैं. संस्था प्रमुखों के लिए अंतिम तारीख 27 अक्टूबर है.
पुलिस लाइन में शस्त्र पूजा
विजयादशमी पर रायपुर पुलिस लाइन में सुबह 8 बजे शस्त्र पूजा होगी. पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला सहित वरिष्ठ अधिकारी इसमें शामिल होंगे. पूजा, शस्त्रों की सफाई और हवन के बाद परंपरा के अनुसार हवाई फायरिंग का आयोजन भी किया जाएगा.
