रायपुर में 17 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 1 बजे वे मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में पहुंचेंगे. इसके बाद दोपहर 3:45 बजे मुख्यमंत्री निवास से माना के लिए रवाना होंगे. शाम 4 बजे माना स्थित जैनम मानस भवन में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यशाला में शामिल होंगे. यह कार्यक्रम शाम 4 से 5 बजे तक चलेगा.
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी भी मंगलवार को छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे. वे सुबह 11 बजे रायपुर पहुंचेंगे और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात करेंगे. बैठक में समक्का सागर बैराज से जुड़े मुद्दों पर चर्चा प्रस्तावित है. इसमें संभावित जलमग्नता, अंतरराज्यीय जल विवाद और बैराज को पूर्ण क्षमता से संचालित करने के लिए एनओसी से जुड़े विषय शामिल हैं. बैठक में तेलंगाना के सिंचाई मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे.
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भी दिल्ली से रायपुर लौटने का कार्यक्रम है. वे सुबह 9:10 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे. वे 16 नवंबर को दिल्ली में सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ के विमोचन समारोह में शामिल हुए थे.
राजस्व निरीक्षक सामूहिक अवकाश पर
छत्तीसगढ़ के राजस्व निरीक्षक 17 नवंबर को एक दिन के सामूहिक अवकाश पर रहेंगे. वे जिला मुख्यालयों पर एकत्र होकर मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे. संघ के अनुसार, पटवारियों की हड़ताल के कारण डिजिटल क्रॉप सर्वे, पीवी ऐप फसल सर्वे, एग्रीस्टेक किसान रजिस्ट्रेशन और आय, जाति व निवास प्रमाणपत्रों के सत्यापन जैसे अतिरिक्त काम राजस्व निरीक्षकों को दिए जा रहे हैं.
पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में 17 से 19 नवंबर तक अंतरमहाविद्यालयीन युवा उत्सव होगा. वहीं, कार्यालय प्रमुख महालेखाकार (लेखा व हकदारी), रायपुर की ओर से 17 नवंबर से 1 दिसंबर तक ऑडिट पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा. 26 नवंबर को राज्य स्तरीय कार्यशाला प्रस्तावित है.
