रायपुर में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर राहुल गांधी की ओर से उठाए गए सवालों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिक्रिया दी. भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुई प्रेस वार्ता में साय ने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने और चुनाव आयोग के खिलाफ भ्रम फैलाने का आरोप लगाया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त और तीनों चुनाव आयुक्तों की संयुक्त प्रेस वार्ता से स्पष्ट है कि SIR के फैसले पर आयोग के भीतर किसी तरह का मतभेद नहीं है. उनके अनुसार, संयुक्त बयान में यह स्पष्ट किया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का निर्णय तीनों चुनाव आयुक्तों की सहमति से लिया गया था.

साय ने कहा कि SIR को लेकर कांग्रेस की ओर से किए जा रहे दावे खोखले हैं और इनके जरिए देश की संवैधानिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि जिस अखबारी रिपोर्ट को आधार बनाकर सवाल उठाए जा रहे हैं, उसमें कैबिनेट सचिव को लिखे गए पत्र का उल्लेख है, लेकिन वह पत्र SIR से संबंधित नहीं बल्कि सामान्य प्रशासनिक विषय से जुड़ा है.

मुख्यमंत्री के मुताबिक, चुनाव आयोग राष्ट्रपति के प्रति जवाबदेह संवैधानिक संस्था है और कैबिनेट सचिव को किसी नीतिगत विषय पर पत्र लिखने की बात सही नहीं है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आरोप लगाने से पहले तथ्यों की जांच करनी चाहिए.

प्रेस वार्ता में साय ने EVM को लेकर राहुल गांधी के पुराने सवालों का भी जिक्र किया. उन्होंने पूछा कि यदि राहुल गांधी EVM पर भरोसा नहीं करते, तो क्या वे अपने पद से इस्तीफा देंगे. उन्होंने कांग्रेस से चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर लगाए जा रहे आरोपों के लिए देश से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की.

इस दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव, भाजपा सांसद एवं मुख्य प्रवक्ता संतोष पांडे और पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे.