रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को राजधानी स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी. उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को एकात्म मानववाद का प्रणेता और राष्ट्रचिंतक बताते हुए उनके विचारों को याद किया.
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने राष्ट्र के समग्र विकास की ऐसी दृष्टि प्रस्तुत की, जिसके केंद्र में समाज का अंतिम व्यक्ति था. उनके अनुसार, विकास की सार्थकता तभी है जब उसका लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे.
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और कमजोर तथा वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा. उनका अंत्योदय सिद्धांत गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने, आत्मनिर्भर बनाने और सशक्त करने की प्रेरणा देता है.
अंत्योदय दिवस के संकल्प का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय की जयंती को ‘अंत्योदय दिवस’ के रूप में मनाना समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के संकल्प को व्यक्त करता है.
साय ने कहा कि एकात्म मानववाद और अंत्योदय का दर्शन आज भी राष्ट्र निर्माण तथा जनकल्याण के लिए प्रेरणास्रोत है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इन सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास और कल्याण का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है.
