रायपुर में कोयला खनन कारोबार में साझेदारी और मुनाफे का भरोसा देकर एक कारोबारी से 4.55 करोड़ रुपये से अधिक लेने का मामला सामने आया है. शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाने की पुलिस ने KNS विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमन नारायण सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में FIR दर्ज की है. आरोपों की जांच अभी जारी है.

शिकायत के मुताबिक, ऐश्वर्या रेसिडेंसी निवासी अक्षत राजन थ्री डायमंड इंडस्ट्रीज के संचालक हैं. कुछ समय पहले उनकी पहचान अमन नारायण सिंह से हुई थी. आरोप है कि सिंह ने उन्हें कोरबा जिले के पाली क्षेत्र स्थित सरायपाली ओपन कास्ट कोल माइन में कारोबारी साझेदार बनाने का प्रस्ताव दिया. इसके साथ निवेश की रकम और अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा भी दिलाया गया.

अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, प्रस्ताव पर भरोसा करके अक्षत राजन ने आरोपी के अलग-अलग बैंक खातों में RTGS और NEFT के जरिए कुल 4,55,25,296 रुपये ट्रांसफर किए. शिकायत में यह भी कहा गया है कि इसके बाद वे खदान से जुड़े कामकाज में सक्रिय रूप से शामिल हुए. वर्ष 2023-24 के दौरान ईंधन, मशीनों के रखरखाव और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर उन्होंने अतिरिक्त रकम खर्च की.

शिकायतकर्ता का आरोप है कि निवेश की मूल रकम और मुनाफे का हिसाब मांगने पर उन्हें लगातार टालमटोल का सामना करना पड़ा. पिछले एक-दो वर्षों से रकम वापस मांगने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया. लेन-देन और खदान में किए गए खर्चों का हिसाब भी नहीं दिया गया. आरोप है कि बाद में रकम लौटाने से इनकार कर दिया गया.

लगातार प्रयासों के बाद अक्षत राजन ने 14 नवंबर को तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने BNS की धाराओं 318(4), 316 और 61 के तहत केस दर्ज किया है. पुलिस अब बैंक लेन-देन, दस्तावेजों और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है.