रायपुर में व्यापारियों के बीच संवाद, आपसी सहयोग और व्यापार विकास को बढ़ावा देने के लिए YUVA CAIT छत्तीसगढ़ ने ‘कॉफी विद युवा कैट’ पहल शुरू की है. इस पहल के तहत शहर के अलग-अलग व्यापारिक और व्यावसायिक एसोसिएशनों के पदाधिकारियों और व्यापारियों से सीधे बातचीत की जाएगी.

पहल के पोस्टर का विमोचन कैट के नेशनल वाइस चेयरमैन अमर पारवानी और छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन ने किया. इसके बाद युवा कैट की टीम विभिन्न व्यापारिक संगठनों तक पहुंचकर कारोबार को आगे बढ़ाने, नए अवसर तलाशने और व्यापारियों के बीच सहयोग मजबूत करने से जुड़े विषयों पर चर्चा करेगी.

अनुभव और नए विचारों को जोड़ने पर जोर

इन बैठकों में व्यापारी अपने अनुभव साझा करेंगे और कारोबार को बेहतर बनाने के तरीकों पर विचार किया जाएगा. अमर पारवानी ने कहा कि व्यापारिक संगठनों के साथ सीधे संवाद से युवाओं को व्यापार जगत से जोड़ने में मदद मिलेगी. उनके अनुसार, हर एसोसिएशन के पास अपने क्षेत्र का अनुभव और व्यापार की समझ है. इन अनुभवों को साझा करने से नए अवसर तैयार हो सकते हैं.

पहल के तहत युवा व्यापारियों के नए विचारों और तकनीक की समझ को अनुभवी व्यापारियों के अनुभव से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा. आयोजकों के अनुसार, ‘विचार भी, व्यापार भी’ थीम वाली यह पहल नियमित संवाद के रूप में आगे बढ़ेगी. हर बैठक में नए विचारों पर चर्चा होगी, ताकि उन्हें कारोबार के लिए उपयोगी अवसरों में बदला जा सके.

कार्यक्रम में कैट छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमैन जितेंद्र दोशी, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, वाइस चेयरमैन सुरिंदर सिंह और जीवत बजाज, प्रदेश महामंत्री अवनीत सिंह, कोषाध्यक्ष विजय पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष राकेश ओचवानी और शंकर बजाज सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे. राडा अध्यक्ष कैलाश खेमानी, युवा कैट प्रदेश अध्यक्ष कांति पटेल, प्रदेश महामंत्री रतनदीप सिंह, महिला कैट प्रदेश महामंत्री पिंकी अग्रवाल और कैट ट्रांसपोर्ट के प्रदेश अध्यक्ष नवीन शर्मा भी कार्यक्रम में शामिल हुए.