रायपुर के कलेक्टोरेट परिसर में चौकीदार दिनेश कुमार पटेल का शव मिला. पुलिस के अनुसार, 50 वर्षीय पटेल का शव परिसर में सीढ़ियों के पास फांसी पर लटका हुआ पाया गया. घटना की सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

दिनेश कुमार पटेल कलेक्टोरेट में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे और श्री साईं नगर, बोरिया खुर्द स्थित आरडीए कॉलोनी में रहते थे. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में उनके ऊपर 20 लाख रुपये से अधिक का कर्ज होने की जानकारी सामने आई है. कर्ज और लोन का दबाव होने की बात भी कही जा रही है.

हालांकि, पुलिस ने कर्ज को मौत की वजह मानकर पुष्टि नहीं की है. मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है. इसलिए मौत के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है.

सिविल लाइन थाना प्रभारी यामन देवांगन के अनुसार, पुलिस ने मर्ग कायम किया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.