रायपुर संभाग में कांग्रेस के 74 ब्लॉक अध्यक्षों की तीन दिवसीय ट्रेनिंग के दूसरे दिन संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय रखने, GenZ यानी नई पीढ़ी से जुड़ने और सोशल मीडिया पर पार्टी की मौजूदगी मजबूत करने पर जोर दिया गया. शिविर जोरा स्थित प्रतिष्ठा मांगलिक भवन में चल रहा है. इसमें रायपुर संभाग के सभी ब्लॉक अध्यक्षों के साथ मास्टर ट्रेनर भी शामिल हैं.
दूसरे दिन का प्रशिक्षण पार्टी की विचारधारा से आगे बढ़कर व्यावहारिक संगठनात्मक कामकाज पर केंद्रित रहा. ब्लॉक अध्यक्षों को क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने, स्थानीय संगठन को सक्रिय रखने और पार्टी की बात युवाओं तक पहुंचाने के तरीकों की जानकारी दी जा रही है.
सोशल मीडिया और GenZ तक पहुंच
प्रशिक्षण में सोशल मीडिया को केवल प्रचार का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं से संवाद के एक महत्वपूर्ण मंच के तौर पर इस्तेमाल करने पर जोर है. ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहने और स्थानीय संगठन की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाने की जानकारी दी जा रही है.
इसके तहत युवाओं की पसंद, उनकी भाषा और उनसे जुड़ने वाली सामग्री को समझने के साथ ब्लॉक स्तर की गतिविधियों को डिजिटल माध्यम से साझा करने पर ध्यान दिया जा रहा है.
बैठक से आगे फील्ड वर्क पर जोर
शिविर में ब्लॉक अध्यक्षों की भूमिका को केवल बैठकें बुलाने या पार्टी कार्यक्रम आयोजित करने तक सीमित नहीं रखने की बात कही जा रही है. उनसे अपने क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से नियमित संपर्क रखने और संगठन की गतिविधियों को निचले स्तर तक पहुंचाने की अपेक्षा की जा रही है.
तीन दिवसीय आवासीय शिविर में संगठनात्मक अनुशासन को भी प्रशिक्षण का हिस्सा बनाया गया है. पहले दिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रतिभागियों से पूरे प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन बनाए रखने की बात कही थी.
पहले दिन भूपेश बघेल ने धर्म और धर्मनिरपेक्षता, टीएस सिंहदेव ने राजस्व और जनकल्याणकारी योजनाओं में खर्च, डॉ. शिवकुमार डहरिया ने सामाजिक समरसता, युगल पांडेय ने प्रशिक्षण और संगठन सृजन तथा अशोक चतुर्वेदी ने कांग्रेस की विचारधारा और इतिहास पर सत्र लिया था.
यह प्रशिक्षण 22 सितंबर तक चलेगा. इसके बाद विधानसभा स्तर के पदाधिकारियों और फिर मंडल-बूथ स्तर तक प्रशिक्षण ले जाने की तैयारी है.
